धौलपुर जिले में सैंपऊ नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन अर्जुन कुशवाहा की गाड़ी से 22 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई कंचनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्त के दौरान की गई। कंचनपुर थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस ने एक वाहन को रुकने का इशारा किया। ड्राइवर ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। टीम ने तुरंत पीछा कर वाहन को रोका और तलाशी ली। इस दौरान गाड़ी से 22 लाख रुपए नकद बरामद हुए। वाहन में सवार व्यक्ति की पहचान सैंपऊ नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन अर्जुन कुशवाहा के तौर पर हुई। गाड़ी और कैश को पुलिस ने किया जब्त
पूछताछ में अर्जुन कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि यह राशि वह सिंचाई विभाग के एईएन पपेंद्र मीणा से लेकर आ रहे थे। हालांकि, इतनी बड़ी नकद राशि के संबंध में मौके पर कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध मानते हुए गाड़ी और बरामद नकदी को जब्त कर लिया। आयकर विभाग को मामले की जानकारी दी
कंचनपुर थाना पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम की सूचना उच्च अधिकारियों को दी है। साथ ही, आयकर विभाग को भी मामले की जानकारी भेजी गई है, ताकि नकदी के स्रोत और इसके उपयोग की गहन जांच की जा सके। पुलिस यह स्पष्ट करने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी राशि किस उद्देश्य से और किन परिस्थितियों में ले जाई जा रही थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है और राजनीतिक हलकों में भी हलचल देखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। आवश्यक दस्तावेजों और संबंधित पक्षों से पूछताछ के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस जांच में जुटी है और आयकर विभाग की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


