डूंगरपुर के सागवाड़ा थाना क्षेत्र के नेमीनाथ नगर में शनिवार को एक सूने घर में चोरी की वारदात हुई। चोरों ने घर से करीब 9 लाख रुपए के जेवर और 1.5 लाख रुपये नकद चुरा लिए। कुल मिलाकर 10.5 लाख रुपये की चोरी हुई है। घर की मालकिन अपनी बेटी के साथ एक रिश्तेदार की शादी में गई हुई थीं, जबकि उनके पति विदेश में नौकरी करते हैं।
पायल भोई ने बताया कि शनिवार को खेरवाड़ा में उनके रिश्तेदार की शादी थी, जिसके लिए वह अपनी बेटी के साथ गई थीं। रविवार सुबह पड़ोस में रहने वाले विनोद जोशी ने उन्हें फोन कर बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है। इस सूचना पर पायल रविवार दोपहर घर लौटीं। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए थे और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे 1.5 लाख रुपए नकद, लगभग 7.5 लाख रुपए के 5 तोला सोने के जेवर और 1.5 लाख रुपए की आधा किलो चांदी के जेवर गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही सागवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की जानकारी ली और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें ‘चड्डी बनियान’ पहने दो चोर रात के अंधेरे में दबे पांव आते हुए दिखाई दिए। पुलिस अब इन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।


