AGTF ने पकड़ा शराब तस्करी का मास्टर माइंड:पंजाब से गुजरात तक फैला था नेटवर्क, 3 साल से भेष बदल काट रहा था फरारी

राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने शराब तस्करी के मास्टर माइंड को पकड़ा है। पिछले तीन साल से भेष बदलकर फरारी काट रहे शराब तस्कर पर 15 हजार रुपए का इनाम रखा हुआ था। पंजाब से लेकर गुजरात तक शराब तस्करी के लिए उसका नेटवर्क फैला हुआ था। ADG एमएन दिनेश ने बताया- शराब तस्करी के मास्टर माइंड बनवारी लाल विश्नोई उर्फ अभिषेक पुत्र भंवर लाल निवासी रासीसर नोखा बीकानेर को पकड़ा गया है। वह पिछले तीन साल से फरार चल रहा था। वह लगातार भेष बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपए का इनाम रखा हुआ था। 21 फरवरी को AGTF के कॉन्स्टेबल मगनाराम को इनामी शराब तस्कर की सूचना मिली। सूचना पर एसपी ज्ञानचंद यादव व एएसपी नरोत्तम लाल वर्मा के सुपरविजन और डीएसपी फूलचंद टेलर व एएसआई राकेश जाखड़ के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम गठित कर बीकानेर रवाना की गई। भागने की कोशिश हुई नाकाम
पुलिस टीम जब बीकानेर के नोखा पहुंची, तो पता चला कि आरोपी गांव के पास ही बस स्टैंड पर मौजूद है। पुलिस को गाड़ियों को देखकर शराब तस्कर बनवारी लाल ने भागने का प्रयास किया। AGTF और स्थानीय नोखा पुलिस की टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। इनामी शराब तस्कर बनवारी लाल को पकड़कर बालोतरा के सिणधरी थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पंजाब से गुजरात का नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपी बनवारी लाल उर्फ अभिषेक का नेटवर्क काफी बड़ा है। वह पंजाब से अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप फर्जी नंबर प्लेट लगे ट्रकों के जरिए गुजरात सप्लाई करता था। जुलाई-2023 में सिणधरी पुलिस ने एक ट्रक पकड़ा था। ट्रक में 924 कार्टून अवैध शराब और 183 कार्टून बीयर भरी मिली थी। बनवारी लाल खुद ट्रक लोड करवाता था और ड्राइवर राजूराम के जरिए सप्लाई भेजता था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *