गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने रविवार को डीग जिले के बृजनगर में भगवान देवनारायण की विशाल शोभायात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। हजारों महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर शोभायात्रा की गरिमा बढ़ाई। यह कलश यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक जड़ों और नारी शक्ति का भी प्रतीक बनी। इस दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने कहा कि यह विशाल और अनुशासित जनसमूह, भक्तिमय वातावरण, सजीव झांकियां और भगवान देवनारायण के भजन हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति और आमजन की अटूट आध्यात्मिक आस्था का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने लोकसंस्कृति और सामाजिक समरसता को राष्ट्र की मूल शक्ति बताया। बेढ़म ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे आयोजन केवल धार्मिक नहीं होते, बल्कि ये समाज में समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक गौरव को नई ऊर्जा देते हैं। उन्होंने भगवान देवनारायण के गौ-संरक्षण, पर्यावरण प्रेम और प्राणिमात्र के प्रति दया के संदेश को आज के संदर्भ में अत्यंत प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी इसी दिशा में कार्यरत है।
प्रशासनिक और सामाजिक दृष्टिकोण से इस वृहद आयोजन ने शांति, सद्भाव और उच्च कोटि की व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। शोभा यात्रा के माध्यम से क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा प्रदर्शित अनुशासन और आपसी भाईचारा प्रदेश की प्रगतिशील एवं संस्कारवान छवि को और अधिक पुष्ट करता है।


