करौली जिला मुख्यालय पर घूमने निकले दो युवकों पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें करौली के जिला सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। करौली थाना अधिकारी अध्यात्म गौतम ने बताया कि यह घटना केशवपुरा पुलिया के पास हुई। घायल कुलदीप सिंह जादौन के अनुसार, वह अपने दोस्त शुभम पांचाल के साथ घूमकर लौट रहे थे, तभी 15-20 लोगों ने उन्हें रोक लिया।
हमलावरों ने लाठी, सरिया और चाकू से उन पर वार किया, जिससे दोनों युवक जमीन पर गिर पड़े। आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावरों ने उनके मोबाइल फोन और नकदी भी छीन ली। आसपास मौजूद परिचितों ने तुरंत घायलों को जिला सामान्य अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, शुभम को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना अधिकारी अध्यात्म गौतम ने बताया कि इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य हमलावरों की तलाश जारी है।


