दुर्ग पुलिस का होली से पहले एक्शन, 7 पर कार्रवाई:पेट्रोलिंग के दौरान हंगामा, शराबखोरी और हत्या के प्रयास में नाबालिग पकड़ा गया

दुर्ग पुलिस ने होली को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए सख्ती शुरू कर दी है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रात की पेट्रोलिंग के दौरान सार्वजनिक जगहों पर हंगामा करने, शराब पीने और झगड़ा करने वाले 7 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। इसके अलावा, हत्या के प्रयास के एक मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लेकर बाल न्यायालय में पेश किया गया है। 21 फरवरी की रात पुरानी भिलाई नगर थाना क्षेत्र के दादर भिलाई-3 और ग्राम अमेरी में सार्वजनिक जगह पर हंगामा होने की सूचना मिली। पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। शांति भंग होने की आशंका पर पुलिस ने पुष्पेंद्र पटेल, पंकज पटेल, शुभम पटेल (तीनों निवासी दादर भिलाई-3) और देवेंद्र कुर्रे (निवासी ग्राम अमेरी) को हिरासत में लिया। इन चारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। शराब पीकर हंगामा, तीन पर पुलिस की कार्रवाई इसी तरह 21 फरवरी की रात करीब 11 बजे कुम्हारी थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में सार्वजनिक जगह पर शराब पीकर झगड़ा करने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो मुकेश जोशी (41) और शुभम साहू (23) आपस में विवाद करते मिले। वहीं राकेश जांघेल (29), निवासी शांति नगर भिलाई-3, ने अपने चचेरे भाई के घर पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर गांव में अशांति फैलाई। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। इस मामले में कोई सामान जब्त नहीं किया गया है। नशे के लिए पैसे मांगे, मना करने पर युवक पर चाकू से हमला सबसे गंभीर मामला छावनी थाना क्षेत्र का है। 22 फरवरी को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जनता स्कूल के पीछे एक युवक पर धारदार हथियार से हमला हुआ है। शिकायतकर्ता रितिक चौधरी (18), निवासी संतोषी पारा, कैम्प-02 भिलाई ने बताया कि एक नाबालिग ने उसे रोककर नशे के लिए पैसे मांगे। मना करने पर उसने गाली-गलौज की और उसके सीने पर धारदार हथियार से वार कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी नाबालिग को तत्काल कस्टडी में ले लिया। थाना छावनी में अपराध दर्ज कर घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार जब्त किया गया। नाबालिग को विधि अनुसार बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। सतत निगरानी, सख्त संदेश दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, शराबखोरी या सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सभी थाना क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है ताकि त्योहार सौहार्द और शांति के साथ संपन्न हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *