पेंड्रा में लोकतंत्र की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। जिला पंचायत सदस्य चुनाव में हारे प्रत्याशी जीवन सिंह राठौर ने अपने समर्थकों के साथ विजयी प्रत्याशी के घर जाकर बधाई दी। पेंड्रा ब्लॉक के क्षेत्र 5 से भाजपा के उम्मीदवार राजा उपेंद्र बहादुर सिंह ने जीत हासिल की। उन्होंने जनपद पंचायत पेंड्रा के पूर्व उपाध्यक्ष जीवन सिंह राठौर को हराया। विजयी प्रत्याशी को हारे प्रत्याशी ने मिठाई खिलाकर दी बधाई रविवार को राठौर अपने गांव बचरवार से समर्थकों के साथ रैली निकालकर राजमहल पेंड्रा पहुंचे। उन्होंने राजा उपेंद्र को माला पहनाई और मिठाई खिलाई। राठौर ने क्षेत्र के विकास में पूरा सहयोग करने का वादा भी किया। नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य राजा उपेंद्र बहादुर सिंह पेंड्रा के जमींदार परिवार से हैं। यह सीट जिले की सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती थी। जीवन सिंह राठौर पेंड्रा ब्लॉक की ग्रामीण राजनीति के बड़े नेता रहे हैं। वे कई बार जनपद क्षेत्र से सदस्य चुने गए और उपाध्यक्ष भी रहे। लेकिन इस बार उन्हें राजा उपेंद्र बहादुर सिंह से हार का सामना करना पड़ा।


