दुर्ग में दोपहिया की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौत:एक गंभीर रूप से घायल, तर्रा-जामगांव एम रोड पर हुआ हादसा, वाहन जब्त, जारी जारी

दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र में रविवार शाम तर्रा से जामगांव एम के बीच हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना दोपहिया वाहनों की आमने-सामने की टक्कर से हुई। हादसे में बोरसी, दुर्ग निवासी 36 वर्षीय नवीन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पाटन थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि नवीन को सिर में गंभीर चोटें आई थी, जिसके कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में जामगांव एम निवासी 63 वर्षीय मुरलीधर दीवान गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। दोपहिया की आमने-सामने टक्कर थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6 बजे तर्रा बाजार से एक बाइक (क्रमांक CG07DA1755) सवार युवक जामगांव एम की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी (क्रमांक CG07BF3034) से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह डैमेज हो गए और सवार सड़क पर गिर गए। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने प्रारंभिक जांच में दोनों दोपहिया वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण बताया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की विवेचना की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के बाद तत्काल भीड़ जुट गई थी और स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी थी। जांच जारी, वाहन जब्त पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *