धौलपुर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 315 बोर का देसी कट्टा बरामद हुआ है। आरोपी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। सदर थाना प्रभारी भीम सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक सूरजपुरा गांव के पास नहर के कच्चे रास्ते पर अवैध हथियार के साथ घूम रहा हैं। जिस सूचना पर थाने से हेड कॉन्स्टेबल अरुण कुमार के नेतृत्व में एक टीम मौके पर भेजी गई। टीम ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया, जिसकी तलाशी में पुलिस को 315 बोर का देसी कट्टा मिल गया। युवक के पास अवैध हथियार मिलने पर आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया हैं। पूछताछ में आरोपी युवक ने अपना नाम अंकित कुमार (24) पुत्र राकेश कुमार निवासी जोशी का पूरा थाना सदर बताया, जिसे पुलिस की टीम ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी से पुलिस अवैध हथियार की खरीद फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।


