तेजस विमान का ब्रेक फेल, रनवे से आगे निकला:लैंडिंग के दौरान हादसा, पायलट सुरक्षित; सेना ने सभी 30 विमान ग्राउंड किए

इंडियन एयर फोर्स (IAF) का हल्का लड़ाकू विमान तेजस लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया। शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि घटना 7 फरवरी की है। जानकारी अब सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक विमान एक ट्रेनिंग उड़ान के बाद एयरबेस पर लौट रहा था। लैंडिंग के दौरान पायलट ने ब्रेक लगाने की कोशिश की। जब ब्रेक नहीं लगा तो विमान रनवे से बाहर निकल गया। दुघर्टना से पहले पायलट सुरक्षित बाहर निकल गया। विमान को नुकसान पहुंचा है। सूत्रों ने बताया कि इस घटना के बाद, एयरफोर्स ने करीब 30 सिंगल-सीट तेजस जेट के पूरे बेड़े को पूरी टेक्निकल जांच के लिए ग्राउंड कर दिया। यानी जांप पूरी होने तक विमान उड़ेंगे नहीं। हादसे पर IAF की तरफ से कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है। तेजस जेट से जुड़ा यह तीसरा हादसा है। पहला हादसा मार्च 2024 में हुआ था, जब जैसलमेर के पास एक तेजस जेट क्रैश हो गया था। दूसरा हादसा नवंबर 2025 में हुआ था जब दुबई एयरशो में एरियल डिस्प्ले के दौरान एक तेजस जेट क्रैश हो गया था। तेजस विमान से जुड़े पिछले 2 हादसे… 21 नवंबर 2025: तेजस फाइटर जेट दुबई एयर शो में क्रैश, पायलट की मौत पिछले साल नवंबर में दुबई एयर शो में भारतीय वायुसेना का तेजस फाइटर जेट क्रैश हो गया था। हादसा अल मकतूम एयरपोर्ट पर जारी एयर शो में एक डेमो फ्लाइट के दौरान हुआ। विमान के गिरते ही उसमें आग लग गई और हवाई अड्डे के ऊपर काले धुएं का गुबार देखा गया। एयरफोर्स ने बताया कि हादसे में पायलट की भी मौत हो गई। जान गंवाने वाले विंग कमांडर नमांश स्याल हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के रहने वाले थे। 12 मार्च 2024: जैसलमेर में तेजस फाइटर जेट क्रैश, इंजन फेल हुआ था राजस्थान के पोकरण में ‘भारत शक्ति युद्धाभ्यास’ में शामिल तेजस फाइटर जेट मार्च 2024 में क्रैश हो गया था। यह जैसलमेर शहर से 2 किमी दूर जवाहर नगर स्थित भील समाज के हॉस्टल पर जा गिरा। तेजस के क्रैश होने की यह पहली घटना थी। इंजन फेल होने की वजह से यह फाइटर जेट क्रैश हुआ था। पायलट ने इजेक्शन से पहले ग्राउंड स्टाफ को इंजन में आई खराबी के बारे में बताया भी था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *