कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार चारों युवक बुरी तरह से फंस गए थे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के युवकों को गाड़ी से बाहर निकालकर हॉस्पिटल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि ड्राइवर को झपकी आने से ब्रेजा कार ट्रक में घुस गई। हादसा रविवार दोपहर करीब 3:45 बजे चेचट थाना क्षेत्र में चेचट कस्बे में हुआ। मृतकों की पहचान श्रेष्ठ बाजपेई (21) निवासी सेक्टर-11 विकास नगर लखनऊ, प्रांजुल चतुर्वेदी (26) निवासी रामनगर वार्ड नंबर-3 गांव रूरा देहात कानपुर, अंकुश दुबे (25) निवासी मंडोली कानपुर उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। वहीं चौथा मृतक अंश प्रताप सिंह (20) गोंडा जिले के धौलपुरवा गांव का रहने वाला था। सभी युवक उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर यूपी लौट रहे थे। पहले देखें हादसे के PHOTOS ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा पुलिस ने बताया कि चारों युवक शनिवार को उज्जैन पहुंचे थे। दर्शन करने के बाद आज सुबह वहां से कानपुर के लिए रवाना हुए। पुलिस ने बताया- एक्सप्रेसवे पर लगे CCTV देखने पर पता चल रहा है कि गाड़ी स्पीड में थी और लहरा रही थी। ड्राइवर को झपकी आने के चलते ब्रेज्जा कार (नंबर UP 34 BQ 3278) आगे चल रहे ट्रक में घुस गई होगी। पुलिस ने हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया- मृतक युवकों के परिजनों को सूचित कर दिया है। कानपुर से उनके परिजन रवाना हो गए हैं। चारों के शव को रामगंजमंडी हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में शिफ्ट करवाया गया है। एक मृतक लखनऊ में बिजली विभाग में करता था काम
मृतक प्रांजुल चतुर्वेदी लखनऊ में बिजली विभाग में संविदा के रूप पर काम करते थे। वे शादीशुदा थे और उनके एक बेटा है। वहीं घटना के बारे में सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया तो अंश प्रताप के पिता से बात हुई। वे दिल्ली में सीआरपीएफ में हैं, उन्होंने बताया कि अंश दिल्ली में पढ़ाई करता था। वह उज्जैन कैसे पहुंचा, इसका उन्हें पता नहीं। फिलहाल सूचना के बाद परिजन कोटा के लिए रवाना हो गए हैं।


