कोटपूतली में एक सीमेंट प्लांट के खिलाफ 1,100 दिनों से ज्यादा समय से प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बुधवार को राजस्थान विधानसभा का घेराव करने के लिए पैदल कूच किया। हालांकि, कुजोता मोड़ पर पुलिस और प्रशासन ने उन्हें रोक लिया। दो घंटे की वार्ता के बाद, प्रशासन ने ग्रामीणों को एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) के आदेशों का पालन कराने का लिखित आश्वासन दिया। पैदल मार्च कर रहे थे ग्रामीणों को पुलिस ने रोका यह प्रदर्शन सीमेंट प्लांट के गेट नंबर 2 के पास 1,100 दिनों से भी ज्यादा समय से चल रहा है। ग्रामीण अपनी समस्याओं को राज्य सरकार तक पहुंचाने के लिए जयपुर स्थित विधानसभा तक पैदल मार्च कर रहे थे।कूच को कुजोता मोड़ पर भारी पुलिस बल ने रोक दिया। मौके पर एसडीएम रामअवतार मीणा, डीवाईएसपी राजेंद्र बुरड़क, कोटपुतली थाना इंचार्ज राजेश शर्मा और सरूंड थाना प्रभारी यशपाल गुर्जर महिला सिपाहियों सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ मौजूद थे। प्रशासन ने लिखित में दिया आश्वासन पुलिस और प्रशासन ने धरनार्थियों के साथ लगभग दो घंटे तक बातचीत की। इस दौरान, प्रशासन ने लिखित में आश्वासन दिया कि एनजीटी के 3 नवंबर 2025 के आदेशों की पालना की समय सीमा तीन महीने थी, लेकिन यह अभी भी लंबित है। प्रशासन ने एक सप्ताह के भीतर इन आदेशों का पालन कराने का लिखित समझौता किया। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने रद्द किया कार्यक्रम इस लिखित आश्वासन के बाद, धरनार्थियों ने जयपुर विधानसभा घेराव के अपने पैदल कूच कार्यक्रम को स्थगित कर दिया। वे अपने मूल धरना स्थल पर वापस लौट आए और मंदिर प्रांगण में धरने पर बैठ गए। आज के पैदल कूच का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता राधेश्याम शुक्लावास ने किया। जोधपुरा संघर्ष समिति के सचिव कैलाश यादव ने स्पष्ट किया कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी समस्याओं पर सुनवाई नहीं हुई, तो जिला कलेक्टर का घेराव किया जाएगा। पैदल मार्च में ये हुए शामिल इस दौरान जोधपुरा संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष सतपाल यादव, प्रभु दयाल गुरुजी, लीलाराम यादव, रामनिवास योगी, रामावतार यादव, रामू यादव, धर्मपाल योगी, प्रकाश सोरल, हरिराम यादव, श्रीराम योगी, गोलू सुरेलिया, मंगल धानका, रामचंद्र योगी, भूप सिंह धानका, ओम प्रकाश यादव, आदित्य योगी, रेणु योगी, नीरज योगी, रोहिताश योगी, हरि सिंह ठेकेदार, मूलचंद योगी, पवाना संघर्ष समिति से ग्यारसी लाल आर्य, रोहतास यादव सहित सैकड़ों की संख्या में धरनार्थी मौजूद रहे।


