ब्रह्मा कुमारीज द्वारा श्री देवी तालाब मंदिर परिसर में आयोजित 12 ज्योतिर्लिंगम दर्शन मेले में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था और देर रात्रि तक हजारों भक्तों ने श्रद्धाभाव से शिवलिंगों के दर्शन कर शिव बाबा की महिमा का गुणगान किया। इस अवसर पर लगभग 40 फीट ऊंचा भव्य शिवलिंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मेले में 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के साथ-साथ आध्यात्मिक प्रदर्शनी ने भी लोगों का ध्यान खींचा। आत्मा-परमात्मा के मिलन, राजयोग मेडिटेशन तथा सृष्टि के आदि, मध्य और अंत के ज्ञान को श्रद्धालुओं ने उत्सुकता से ग्रहण किया। मेले में मेडिटेशन कक्ष, माइंड स्पा, स्पिरिचुअल गेम्स तथा पुण्य-पाप कर्मों को दर्शाने वाला सांप-सीढ़ी खेल बच्चों और युवाओं के लिए खास आकर्षण रहा। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी केंद्र की संचालिका संधीरा दीदी ने मेले के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका उद्देश्य भक्तों की भावनाओं को जागृत कर परमात्मा के प्रति अटूट विश्वास उत्पन्न करना है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता की वास्तविकता को समझने के लिए जीवन से नकारात्मक विचारों को समाप्त करना आवश्यक है। आज समाज और परिवारों में बढ़ते तनाव के कारण व्यक्ति मानसिक रूप से अशांत है। ऐसे में माइंड स्पा एक प्रभावी माध्यम है, जहां सकारात्मक चिंतन और मन को नियंत्रित करने की विधि सिखाई जाती है। इससे व्यक्ति अपने जीवन में शांति, संतुलन और सफलता प्राप्त कर सकता है। मेले में पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री महेंद्र भगत भी दर्शन हेतु पहुंचे। संधीरा दीदी ने उन्हें तिलक लगाकर और चुनरी भेंट कर स्वागत किया, जबकि लक्ष्मी दीदी ने ईश्वरीय सौगात और प्रसाद भेंट किया। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर शिवलिंगों के दर्शन किए, शिव आरती में भाग लिया तथा राजयोग का ज्ञान प्राप्त किया। उन्होंने ब्रह्मकुमारीज के इस आध्यात्मिक प्रयास की सराहना करते हुए नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर शिव भगवान का आशीर्वाद लेने की अपील की।


