विश्व हिंदू परिषद के प्रांत कार्यालय, किशोरगंज, रांची में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में विहिप के केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे शामिल हुए। उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज हिंदू समाज को अपने आसपास क्या हो रहा है, इसकी कोई खबर नहीं है। गो हत्या और धर्मांतरण के मामले बढ़ रहे हैं। परांडे ने दावा किया कि रांची की बस्तियों में बंगलादेशी चुपके से आकर तेजी से बसते जा रहे हैं। यह हमारे लिए चुनौती हो सकती है। बैठक में विहिप के प्रचार-प्रसार प्रांत प्रमुख प्रकाश रंजन, क्षेत्र मंत्री डॉ. वीरेंद्र साहू, क्षेत्र धर्माचार्य संपर्क प्रमुख वीरेंद्र विमल, प्रांत अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव, प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार, बजरंग दल प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो समेत क्षेत्र, प्रांत, विभाग एवं महानगर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। विहिप के संगठन महामंत्री ने झारखंड के विभिन्न जिलों में हो रहे धर्मांतरण पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पूरी शक्ति से इसे रोकने और घर वापसी के कार्य में सक्रिय भूमिका निभाएं। परांडे ने बैठक में उपस्थित आयाम प्रमुखों से प्रांत के विभिन्न जिलों में चलाए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी ली। साथ ही महानगरों में संस्कारशाला संचालित करने का भी निर्देश दिया।


