पेरवाघाघ जलप्रपात में पर्यटन विकास कार्य को गति देने के लिए खूंटी जिला प्रशासन ने शेष राशि 4.80 करोड़ रुपए के आवंटन का अनुरोध किया है। इस संबंध में खूंटी के उपायुक्त ने पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग, झारखंड को पत्र भेजकर शेष राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। मालूम हो कि पांच मार्च 2024 के तहत प्रस्तावित पेरवाघाघ जलप्रपात खूंटी (भवन निर्माण एवं बाह्य स्थल विकास कार्य) के लिए कुल 8,82,76,323 रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके विरुद्ध 14 मार्च 2024 द्वारा 4 करोड़ रुपए का आवंटन प्राप्त हुआ था। पर्यटकीय विकास कार्य का लगभग 75 प्रतिशत पूरा : कार्यकारी एजेंसी, कार्यपालक अभियंता, एनआरईपी, खूंटी ने 19 जनवरी 2026 को सूचित किया है कि पेरवाघाघ जलप्रपात के पर्यटकीय विकास कार्य का लगभग 75 प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है। एकरारनामा राशि 8,80,24,764 रुपए के विरुद्ध अब तक 3,70,65,496 रुपए का भुगतान किया गया है। शेष कार्यों के निष्पादन एवं भुगतान के लिए एजेंसी द्वारा अधियाचना प्रस्तुत की गई है। जिला प्रशासन ने कहा है कि परियोजना पूर्ण होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। विभाग से अनुरोध किया गया है कि शेष 4,80,24,764 रुपये की राशि शीघ्र उपलब्ध कराकर विकास कार्य को समयबद्ध रूप से कराएं।


