रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित आनंद विहार में केपी स्कूल के पास हुए आसिफ अंसारी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में जॉन्सन मिंज, उसकी पत्नी बिउला टोप्पो, दीपक अग्रवाल, प्रिंस कुमार और प्रेम लकड़ा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, जॉन्सन मिंज मूल रूप से इटकी थाना क्षेत्र के रानी खटंगा का रहने वाला है। वह वर्तमान में अपनी पत्नी के साथ गाड़ीगांव स्थित आनंद विहार कॉलोनी (रोड नंबर-6) में रहकर मकानों का नक्शा बनाने का काम करता था। उसकी पत्नी का कांटाटोली निवासी आसिफ अंसारी के साथ पिछले 15 वर्षों से अवैध संबंध था। जॉन्सन की गैरमौजूदगी में आसिफ उसके घर आता-जाता था। 18 फरवरी की रात जॉन्सन ने अपनी पत्नी को आसिफ के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद उसने पुंदाग और तुपुदाना में रहने वाले अपने तीन साथियों को बुलाया। गुस्से में सभी ने मिलकर पत्थर से कुचलकर आसिफ की हत्या कर दी। मौत सुनिश्चित करने के लिए उसके सिर में गोली भी मारी गई और शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। 19 फरवरी की सुबह राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कट्टा, स्कूटी (जेएच-03एम-7698) और खून से सना जैकेट बरामद किया है। जैकेट को फॉरेंसिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, जबकि कट्टा को पुलिस लाइन भेजा गया है। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि एक वर्ष पहले ही हत्या की साजिश रची गई थी। 8 लाख रुपए में सौदा तय हुआ था, जिसमें 2.40 लाख रुपए प्रेम लकड़ा, 1.60 लाख रुपए प्रिंस कुमार और 4 लाख रुपए दीपक अग्रवाल को मिलने थे। पुलिस के अनुसार, आसिफ का जॉन्सन की पत्नी के साथ लंबे समय से अवैध संबंध था। इसी को लेकर जॉन्सन ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 18 फरवरी की रात मौका मिलने पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। संजीव कुमार बेसरा, सदर डीएसपी


