मोरहाबादी के रेड क्रॉस स्थित सात मतदान केंद्र पिंक बूथ, महिलाओं के हाथ में मतदान प्रक्रिया

रांची सोमवार को शहर की ‘तीसरी सरकार’ चुनने के लिए मतदान करेगा। नगर सरकार के गठन को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह है और उम्मीद जताई जा रही है कि शहर की आधी आबादी — महिलाएं — भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लेंगी। मतदान को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मोरहाबादी स्थित रेड क्रॉस परिसर के सात मतदान केंद्रों को ‘पिंक बूथ’ बनाया गया है। इन बूथों पर पूरी मतदान प्रक्रिया का संचालन महिला मतदानकर्मियों द्वारा किया जाएगा। इन केंद्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। इसके अलावा, एटीआई (प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान) स्थित मतदान केंद्र को ‘मॉडल बूथ’ के रूप में विकसित किया गया है। यहां आमतौर पर वीआईपी मतदाताओं की संख्या अधिक रहती है, इसलिए केंद्र को विशेष साज-सज्जा के साथ तैयार किया गया है। मतदाताओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए रांची और बुंडू क्षेत्र में कुल 925 पोलिंग पार्टियां तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट की टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें रविवार सुबह 7 बजे से ही अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गईं। करीब 10 हजार मतदानकर्मियों और सुरक्षा बलों को मतपेटी एवं मतदान सामग्री के साथ संबंधित बूथों तक पहुंचाने के लिए 850 वाहनों को मोरहाबादी मैदान में एकत्र किया गया था। हजारों मतदाताओं का वार्ड और बूथ नंबर बदला इस बार हजारों मतदाताओं का वार्ड और बूथ नंबर बदल गया है। कई घरों में पति-पत्नी, तो कहीं मां-बेटा और बेटी के अलग-अलग वार्ड और बूथ कर दिए गए हैं। सैकड़ों मतदाताओं के घर तक मतदाता पर्ची भी नहीं पहुंची। अपलोड की गई मतदाता सूची में नाम खोजना भी काफी मुश्किल रहा। 18 वर्ष बाद बैलेट पेपर से हो रहा चुनाव 18 वर्ष बाद बैलेट पेपर से हो रहे इस चुनाव में प्रशासन ने 60 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सभी मतदान केंद्रों पर पहला वोट डालने वाले एक महिला और एक पुरुष मतदाता को ‘फर्स्ट वोटर सर्टिफिकेट’ दिया जाएगा। रांची में 422 बूथों पर मिलेगा व्हीलचेयर सुगम मतदान सुनिश्चित करने के लिए रांची में 422 और बुंडू में 16 बूथों पर व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को असुविधा से बचाना है। रांची के डीसी और एसएसपी सहित पूरा प्रशासनिक अमला शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में जुटा है। रेड क्रॉस स्थित पिंक बूथ पर उत्साह से भरीं महिला मतदानकर्मी

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *