भास्कर न्यूज | बारां नेशनल हाईवे 90 पर मंडोला के निकट प्रशासन और पुलिस द्वारा पटाखा गोदाम पर कार्रवाई रविवार को तीसरे दिन भी जारी रही और तीन गोदामों को सीज कर दिया है। पुलिस गोदाम व दुकान में रखे पटाखों के स्टॉक को तुलवा रही है, लेकिन पटाखे इतनी मात्रा में है कि इनको तौलने में ही 4 दिन लगने के आसार हैं। पुलिस ने एक्सप्लोसिव एक्ट और मानवीय जीवन को खतरे में डालने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस मामले में शुक्रवार को शुरू की कार्रवाई रविवार को भी दिनभर चलती रही। पुलिस ने आरडी ब्रदर्स के 2 लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार पटाखा गोदाम में ही संचालकों द्वारा पिछले कई सालों से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। परिसर में छतों पर बड़ी मात्रा में सूतलीबम सुखाने के लिए रखे हुए मिले थे। जिनको पूरे साल तैयार करवाकर दीपावली पर महंगे दामों पर बेचा जाता था। इस गोदाम में 1.20 लाख क्विंटल पटाखे रखने का लाइसेंस था। लेकिन यहां पर ढाई लाख क्विंटल माल मिला है। ^पटाखा गोदाम व दुकानों पर कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है। एहतियात के तौर पर पूर्व में ही मौके के आसपास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट होने के लिए नोटिस दे दिए हैं। इसके लिए नगर परिषद ने भी व्यवस्था की है। आगामी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। – विश्वजीत सिंह, एसडीएम, बारां पुलिस सूत्रों के अनुसार इस गोदाम से दीपावली व वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए प्रदेशभर के साथ मध्यप्रदेश में भी पटाखों की सप्लाई की जाती थी। पूरे साल यहां पर नियम विरुद्ध तरीके से पटाखों की मैन्यूफैक्चरिंग की जा रही थी। यहां तक की गोदाम पर कोई सुरक्षा के प्रबंध भी नही मिले है। यहां पर गोदाम मालिक द्वारा मवेशी तक बांध रखे है। ऐसे में अब पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। ^पुलिस जांच कर रही है। माल को तौलकर सीजिंग की जा रही है। रविवार को भी दिनभर माल को तौलने की कार्रवाई की गई। अब तक 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिन्हें न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया था। – भजन लाल, थानाधिकारी व प्रशिक्षु आरपीएस, कोतवाली मंडोला गांव के निकट गोदाम और दुकानों के अलावा भी संचालकों द्वारा शहर के रिहायशी व व्यस्ततम जगहों से पटाखों का विक्रय किया जाता था। शहर के धर्मादा चौराहा के निकट और गाडी अड्डा में भी संचालकों की 2 दुकानें है। जिन पर पूरे साल पटाखे बेचे जाते थे। लेकिन अब तक यहां पर कार्रवाई नहीं हुई है। जबकि यह दोनों जगह शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में से है।


