भास्कर न्यूज | जांजगीर थाना चांपा पुलिस ने सट्टा खेलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की। आरोपी के कब्जे से 6,570 रुपए और सट्टा‑पट्टी बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि शनि मंदिर रोड पर खुले स्थान में किशोर धकाते निवासी बरछापारा चांपा, कागज और पेन से सट्टा‑पट्टी लिखकर लोगों से पैसे लगवाकर हार‑जीत का खेल चला रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही खेलने वाले अन्य लोग भाग निकले, जबकि किशोर धकाते को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम और पता बरछापारा चांपा बताया। तलाशी में सट्टा‑पट्टी लिखे कागज और 6,570 रुपए मिले, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर विधि अनुसार कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि आरोपी का कृत्य अपराधसिद्ध पाए जाने पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 79/26 धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए भेजा जा रहा है।


