भास्कर न्यूज | मल्हार मल्हार मेले में हुड़दंग मचाना और दहशत फैलाना एक फरार आरोपी को भारी पड़ गया। पिछले 10 महीनों से मारपीट के मामले में फरार चल रहे आरोपी प्रत्यूष बंजारे को मल्हार चौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मेले की भीड़ में अपनी बाइक का साइलेंसर निकालकर तेज रफ्तार में वाहन दौड़ा रहा था, जिससे लोग सहमे हुए थे। पुलिस के अनुसार, 10 महीने पहले थेम्हापार निवासी सुभाष टंडन के साथ ग्राम चकरबेढ़ा के आधा दर्जन युवकों ने जानलेवा मारपीट की थी। इस हमले में पीड़ित को गंभीर चोटें आई थीं। मामले में पुलिस ने पहले ही दो आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया था, जबकि प्रत्यूष बंजारे और एक अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। शुक्रवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी प्रत्यूष बंजारे मल्हार मेले में अपनी बाइक का साइलेंसर निकालकर लापरवाही से गाड़ी चला रहा है और तेज आवाजों से लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अवधेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी की और मल्हार गेट के पास उसे धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ मारपीट की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।


