मुंगेली| विकासखंड मुंगेली के शासकीय प्राथमिक रामानुज देवांगन विद्यालय में मुख्यमंत्री पोषण आहार योजना के तहत न्योता भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जितेंद्र बावरे, उल्लास कार्यक्रम अधिकारी रामनाथ गुप्ता, बीआरसी सूर्यकांत उपाध्याय, संकुल शैक्षिक समन्वयक नरेश कुमार सोनवानी व एफएलएन बीआरजी दुर्गेश देवांगन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। न्योता भोज के दौरान रसोइयों ने विद्यार्थियों एवं अधिकारियों को एक साथ बैठाकर चावल, दाल, सब्जी, खीर, पूरी, केला और लड्डू परोसे। जिला शिक्षा अधिकारी डाहिरे ने विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व की जानकारी देते हुए नियमित रूप से पोषणयुक्त भोजन खाने की सलाह दी। विकासखंड शिक्षा अधिकारी बावरे ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में पोषण सुनिश्चित करने के साथ समानता और सहभागिता की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय का निरीक्षण कर एफएलएन के अंतर्गत विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर की जांच की और गुणवत्ता परखी। कार्यक्रम की सफलता में प्रधान पाठक सुजिता पाटले, समस्त स्टाफ एवं रसोइयों का योगदान रहा।


