मुंगेली | समग्र शिक्षा जिला मुंगेली के मार्गदर्शन में सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम के तहत शाला प्रबंधन समिति व विद्यालय प्रबंधन और विकास समिति (एसएमडीसी) के सदस्यों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। साथ ही जनवाचन कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक मूल्यांकन भी हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का पठन, लेखन, गणितीय संक्रिया, पाठ्यवस्तु समझ और प्रश्नोत्तरी के आधार पर आकलन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नव पदस्थ जिला मिशन समन्वयक अशोक सोनी, सहायक परियोजना समन्वयक प्रदीप उपाध्याय, सेवानिवृत्त शिक्षक किशन सिंह क्षत्रिय व विकासखंड शिक्षा अधिकारी जितेंद्र बावरे की उपस्थिति में हुआ। विद्यार्थियों ने समुदाय के समक्ष अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण सत्र में समिति सदस्यों को समग्र शिक्षा के विभिन्न घटकों जैसे बालिका शिक्षा, समावेशी शिक्षा और विद्यालय छोड़ चुके बच्चों की पुनर्वापसी संबंधी विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई। शैक्षणिक मूल्यांकन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे सहित अतिथियों ने स्मृति चिन्ह व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।


