भास्कर न्यूज | पेण्ड्रा जीपीएम में नेशनल हाईवे बनाने के काम में लापरवाही से ग्राम जोगीसार में बीच सड़क पर आए चुके हैंडपंप से पानी भरने के लिए ग्रामीण जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं। भास्कर की ओर से खबर प्रकाशित करने के बाद प्रशासन और ठेका कंपनी हरकत में आई है। ठेका कंपनी ने ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने सड़क किनारे नया बोर खनन कराने की बात कही है। वहीं जनपद पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत सरपंच को 15वें वित्त से बोर खनन कराने कहा है। जिले से होकर गुजरने वाले जबलपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-45 बनाने के दौरान ठेका कंपनी ने ग्राम जोगीसार के मुख्य चौराहे के पास कुछ मकानों को तोड़कर मोड़ को सीधा कर सड़क को चौड़ा किया है। इससे ग्रामीणों के पेयजल के का स्रोत हैंडपंप बीच सड़क पर आ गया। ग्रामीणों को मजबूरन इसी हैंडपंप से पानी भरना पड़ता है, जबकि इसके दोनों ओर से लगातार तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ग्रामीणों के अनुसार पानी भरते समय भारी वाहन बेहद करीब से गुजरते हैं, जिससे हादसे का डर बना रहता है। ग्राम जोगीसार में हैंडपंप पहले सड़क किनारे था। घुमावदार सड़क को सीधा करने शंकर चौरसिया, जीत सिंह भैना, बलवान भैना, पीतांबर भैना, जयसिंह भैना, अरविंद भैना के मकान को और विधायक निधि से बने मंच को तोड़कर सड़क को सीधा और चौड़ा किया गया। यहां तीन हैंडपंप थे, जिसमें से दो को उखाड़कर फेंक दिया गया। वहीं बीच सड़क के हैंडपंप को छोड़ दिया गया। अब इस हैंडपंप से पानी भरना ग्रामीणों की मजबूरी है। सरपंच गौतम भानु ने कहा, नया बोर कराने ठेका कंपनी को कहा गया है। कंपनी को बड़ी बोर मशीन लगवाना चाहिए। सीईओ ने 15वें वित्त से बोर खनन कराने कहा है। विभाग या ठेका कंपनी की ओर से इस समस्या का निदान नहीं किया जाएगा, तब ग्राम पंचायत इस मामले को सुलझाएगी। ^ठेका कंपनी को नया बोर कराने कहा गया है। विभाग की ओर से भी प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द नया बोर करवाकर ग्रामीणों को राहत दिलाई जाए। एनएस कंवर, इंजीनियर, पीएचई जल्द नया बोर करवाकर ग्रामीणों को राहत दिलाएंगे सड़क को सीधा करने से आई यह नौबत : पाटील ठेका कंपनी श्याम इंफ्रा प्रा.लि. के कमलेश पाटिल के अनुसार एनएच के मापदंड के अनुसार सड़क को सीधा और चौड़ा करना पड़ा, जिससे यह स्थिति निर्मित हुई। सड़क किनारे बोर कराया था, लेकिन पानी नहीं मिला। स्थल चयन कर फिर से बोर कराएंगे। सड़क के बीच आए हैंडपंप को हटाया जाएगा।


