भास्कर न्यूज | बेमेतरा पुलिस ने चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 3 लाख 50 हजार 530 रुपए का चोरी का माल बरामद किया है। प्रार्थी विक्रम सिंह (42), निवासी ग्राम जेवरा ठाकुर पारा ने 17 फरवरी की रात घर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अज्ञात चोरों ने मेनगेट और कमरों के ताले तोड़कर चांदी के सिक्के, लक्ष्मी माता की चांदी की मूर्ति, धातु के बर्तन और नकदी सहित कुल 52 हजार रुपए का सामान चोरी किया था। मामले में थाना बेमेतरा में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान टेक्निकल इनपुट के आधार पर पुलिस ने रायपुर के खम्हारडीह क्षेत्र के तीन युवकों विष्णु साहू (19), रूपेश सोना (19) और कृष्णा यादव (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने बेमेतरा, अभनपुर (रायपुर), साहपुरा (जबलपुर, मप्र) में भी चोरी की वारदातें कबूल की। निशानदेही पर सिक्के व जेवर बरामद किए गए पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चांदी की मूर्तियां, सिक्के, आभूषण, सोने का सिक्का, नकदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तथा 3 आईफोन सहित कुल लगभग 3.5 लाख रुपए का माल बरामद कर जब्त किया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला सहित सायबर सेल और थाना स्टाफ की भूमिका रही।


