भास्कर न्यूज | महासमुंद महासमुंद शहर में गुंडागर्दी और हथियारों के प्रदर्शन पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। शहर की शांति व्यवस्था भंग करने और धारदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले दो युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। थाना महासमुंद को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो अलग-अलग क्षेत्रों में युवक हथियार के साथ घूम रहे हैं और दहशत फैला रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पहली कार्रवाई संजय कानन गार्डन के सामने की गई, जहां एक युवक सरेराह चाकू लहरा रहा था। दूसरी कार्रवाई भलेसर रोड के पास घेराबंदी कर दूसरे युवक को हथियार के साथ हिरासत में लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से एक-एक अवैध धारदार चाकू बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी पूरन साहू उर्फ मोनू (19) निवासी नयापारा, वार्ड -5, महासमुंद। नरेन्द्र साहू (28) निवासी वार्ड- 5, महासमुंद (भाऊ किराना स्टोर्स के पास)। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत दंडनीय पाया गया। 20 फरवरी 2026 को वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।


