पानी बहने के लिए ढाल ही नहीं बनाई और बना रहे नाली, मलबा भी सड़क पर फेंका

भास्कर न्यूज| महासमुंद शहर के महामाया मंदिर से गांधी चौक तक महत्वपूर्ण मार्ग पर नाली का निर्माण चल रहा है। निर्माण भी ऐसा कि ठेकेदार ने पानी बहने के लिए ढाल ही नहीं बनाई और नाली ढालने का काम शुरू कर दिया है। नाली के लिए जो मिट्‌टी खोदी गई है, उसे भी बगल सड़क पर फेंक दिया है। मलबे की वजह से शहर के इस व्यस्त मार्ग से गुजरने वाले लोग काफी ज्यादा परेशान हैं। रविवार को नगर निरीक्षण पर निकले पालिका उपाध्यक्ष को जब यह खामी नजर आई, तो उन्होंने अफसरों को जमकर फटकार लगाई। सीएमओ से कहा कि वे खुद पूरे मामले की जांच करें। वहीं ठेकेदार को लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी है। दरअसल, पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने रविवार को निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। अधोसंरचना मद से जैन मंदिर के सामने बन रही सीसी नाली के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की धीमी गति और तकनीकी खामियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उपाध्यक्ष ने पाया कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य को व्यवस्थित क्रम में करने के बजाय टुकड़ों में किया जा रहा है। इससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राठी ने मौके पर उपस्थित ठेकेदार के प्रतिनिधियों को सख्त लहजे में कहा कि यह शहर का सबसे व्यस्त मार्ग है। नाली खुदाई करके लंबे समय तक खुला न छोड़ें। खुदाई से निकले मलबे को तत्काल सड़क से हटाएं। मलबे से आवागमन बाधित हो रहा है। दुर्घटना की आशंका है। नाली निर्माण के साथ ऊपर स्लैब लगाने का काम भी किया जाए, ताकि रास्ता सुरक्षित हो सके। पालिका कराएगा तराई पैसे ठेकेदार को देने होंेगे: पालिका उपाध्यक्ष ने संबंधित ठेकेदार को तत्काल नोटिस देने की बात कही। उन्होंने कहा कि ठेकेदार ने ढलाई नहीं कराई तो यह काम नगर पालिका स्वयं करवाएगा। इसका खर्च ठेकेदार से वसूला जाए। इस दौरान उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि शहर के विकास कार्यों में भ्रष्टाचार या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इंजीनियरों की अनुपस्थिति और मॉनिटरिंग पर सवाल निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने नगर पालिका के तकनीकी अमले की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सीएमओ से चर्चा करते हुए कहा कि शहर में जहां भी निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहां परिषद द्वारा मॉनिटरिंग का अभाव दिख रहा है। सब-इंजीनियर मौके पर नहीं पहुंच रहे हैं, जिसका फायदा उठाकर ठेकेदार मनमानी और लापरवाही बरत रहे हैं। उन्होंने सीएमओ को स्वयं स्थल पर पहुंचकर गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *