150 गांवों को ओवरलोड और लो-वोल्टेज से राहत

भास्कर न्यूज| महासमुंद गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति के संकल्प को पूरा करते हुए बिजली विभाग ने 132/33 केवी उपकेंद्र बागबाहरा में पारेषण क्षमता का विस्तार किया है। यहां स्थापित पुराने 40 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर को विदा कर अत्याधुनिक 63 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है। इससे बागबाहरा उपकेंद्र की कुल क्षमता 103 एमवीए से छलांग लगाकर 126 एमवीए पर पहुंच गई है। यह कार्य मात्र दो माह के रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है, जो विभाग की कार्यक्षमता को दर्शाता है। बताना होगा कि पिछले वर्ष जब गर्मी और खेती के सीजन में बिजली की मांग चरम पर थी, तब लोड 90 एमवीए तक जा पहुंचा था। क्षमता कम होने के कारण बार-बार ओवरलोडिंग और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव की समस्या आ रही थी। अब क्षमता में 23 एमवीए की भारी बढ़ोतरी होने से आने वाले पीक सीजन में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलेगी। खास बात ये है कि इस उपकेंद्र से निकलने वाले 9 फीडरों टेमरी, सुनसुनिया, गोयनबहरा, टाउन, तेंदुकोना, मुंगसेर, बागबाहरा (महासमुंद) और खल्लारी के जरिए 150 से अधिक गांव सीधे लाभान्वित होंगे। विभाग के आला अफसरों की मौजूदगी में शुभारंभ कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने रविवार को नए ट्रांसफार्मर का ऊर्जीकरण कर आपूर्ति शुरू की। उन्होंने बताया कि सीएम विष्णुदेव साय, अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के निर्देशों पर वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली ढांचे को मजबूत करना विभाग की प्राथमिकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *