भास्कर न्यूज | रायगढ़ जिले में गर्मी की शुरुआत से पहले ही जंगलों में आगजनी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। शनिवार को खरसिया रेंज के परेवा पहाड़ क्षेत्र में दावानल की बड़ी घटना हुई। दूर से उठती लपटें देखकर राहगीरों ने वन विभाग को सूचना दी। बताया जा रहा है कि आग काफी बड़े हिस्से में फैल गई थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। खरसिया सर्किल के बसनाझर बीट के 1192 आरएफ क्षेत्र में आग लगी थी। वनकर्मियों ने ब्लोअर मशीन की मदद से फायर लाइन काटकर आग को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। अधिकारियों के अनुसार समय पर कार्रवाई शुरू कर दी गई, जिससे आग पर नियंत्रण पाने में मदद मिल रही है। जानकारी के अनुसार 17 फरवरी को भी खरसिया रेंज में दावानल की घटना हुई थी। लगातार दूसरी घटना के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। इस सीजन में खरसिया रेंज में जंगल में आग लगने की यह पहली बड़ी घटना मानी जा रही है। तेज गर्मी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है, इसके बावजूद जंगलों में आग लगना चिंता का विषय बन गया है। पिछले वर्ष रायगढ़ और तमनार रेंज में भी बड़े पैमाने पर दावानल की घटनाएं हुई थीं।


