सूने मकान से 96 हजार के जेवर चोरी, आरोपी गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | राजिम राजिम पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 96 हजार रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। कार्रवाई थाना राजिम पुलिस द्वारा की गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सेवकराम साहू (46) निवासी ग्राम रॉवड भाठापारा थाना राजिम ने 22 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 फरवरी को वे परिवार सहित रिश्तेदार की बेटी की शादी में शामिल होने ग्राम चम्पारण गए थे। रात करीब 12 बजे जब वे वापस घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के भीतर रखी पेटी का ताला भी टूटा मिला और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। कुल 96 हजार रुपए मूल्य के जेवरात चोरी हुए थे। जांच के दौरान पुलिस ने संदेही जितेंद्र कुमार साहू (27), निवासी ग्राम चम्पारण थाना गोबरा नवापारा जिला रायपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि घर सूना पाकर उसने मुख्य दरवाजे और पेटी का ताला तोड़कर जेवरात चोरी की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *