कवर्धा| ग्राम सुकवापारा में आयोजित श्रीलक्ष्मीनारायण महायज्ञ एवं पर्वतदान कार्यक्रम इस वर्ष भी पूरे धार्मिक उत्साह और भक्ति भाव के साथ जारी है। यजमान अयोध्या गोमती चित्रलेखा के सान्निध्य में लगातार तीसरे वर्ष यह आयोजन किया गया है। शनिवार को पंचांग पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात निकली कलश यात्रा में ग्रामवासी, क्षेत्रवासी माताएं सहित श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। सिर पर कलश धारण कर महिलाओं ने पूरे गांव का भ्रमण किया। भजन-कीर्तन और जयकारों से सुकवापारा का वातावरण पूर्णतः भक्तिमय और राममय हो उठा। यज्ञ में प्रधानाचार्य आशीष कुमार शास्त्री, यज्ञाचार्य पंडित प्रकाश शास्त्री, पंडित धर्मेंद्र शास्त्री सहित विद्वान आचार्यगण वैदिक अनुष्ठान संपन्न करा रहे हैं। 27 फरवरी तक धीरेन्द्राचार्य महाराज श्रीराम कथा सुनाएंगे।


