सांसद ने कॉलेज को 5 लाख देने की घोषणा की

भास्कर न्यूज | रायगढ़ किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान कॉलेज के सत्र 2025-26 के वार्षिक स्नेह सम्मेलन का शुभारंभ 20 फरवरी को उत्साह और गरिमा के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राधेश्याम राठिया थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सुमित शर्मा (जिलाध्यक्ष भाजयुमो) और पूर्व महामंत्री प्रशांत सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि ने कॉलेज को पांच लाख रुपए देने की घोषणा की। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना से हुई। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और बैज लगाकर किया गया। मुख्य अतिथि का सम्मान शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। स्नेह सम्मेलन के अंतर्गत 16 फरवरी से निबंध, युवा संसद, भाषण, प्रश्न मंच, रंगोली, अल्पना, मेहंदी, अपशिष्ट से विशिष्ट, पाककला, सलाद सज्जा, आनंद मेला, रस्सा-कस्सी, क्रिकेट और वॉलीबॉल सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्टाफ के बीच भी क्रिकेट प्रतियोगिता कर सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित किया गया। स्वागत भाषण और वार्षिक प्रतिवेदन प्राचार्य डॉ. सोफिया अम्ब्रेला ने प्रस्तुत किया। दूसरे दिन के मुख्य अतिथि प्रख्यात साहित्यकार और पूर्व प्राचार्य डॉ. मीनकेतन प्रधान रहे। उन्होंने कहा कि यह कॉलेज प्रतिभाओं की सृजन स्थली रहा है। विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानकर ईमानदारी और परिश्रम के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने अपनी स्वरचित छह पुस्तकें कॉलेज ग्रंथालय को भेंट कीं। सांस्कृतिक संध्या में विद्यार्थियों ने एकल नृत्य, समूह नृत्य, गायन और मिमिक्री की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *