पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की स्थानीय इकाई द्वारा स्थानीय श्री हनुमान मंदिर में पार्टी के नव-नियुक्त जिला प्रधान कुलवंत राय सिंगला के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सिंगला ने कहा कि कि सभी वर्कर पार्टी की मजबूती के लिए गुटबाजी से ऊपर उठकर एकजुट होकर कार्य करें, ताकि देश में सांप्रदायिकता और नफरत फैलाने वाली भाजपा की नीतियों को रोका जा सके। सिंगला ने कहा कि हर कांग्रेसी कार्यकर्ता की आत्मा में भारत बसता है। उन्होंने कहा कि विविधताओं से भरा होने के बावजूद भारत आज भी पूरी तरह एकजुट और भाईचारे की भावना से परिपूर्ण देश है। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले 20 वर्षों से लगातार समाज, धर्म, जाति और क्षेत्रवाद के नाम पर देश को बांटने का प्रयास कर रही है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी देश को फिर से प्रगति के पथ पर ले जाने और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं। इस लड़ाई में हर कांग्रेसी को अपना योगदान देना होगा। इस मौके पर उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में 28 फरवरी को बरनाला में होने वाली रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां भी लगाईं। इस अवसर पर बलकौर सिंह मूसेवाला, पूर्व प्रधान अरशदीप सिंह माइकल गागोवाल, गुरप्रीत सिंह विक्की, चमकौर सिंह मूसेवाला, किसान कांग्रेस के जिला प्रधान बलजीत ऋषि खीवा, नगर पंचायत भीखी के पूर्व प्रधान विनोद सिंगला, लाजपत राय शर्मा, मनोज सिंगला रॉकी, संदीप महिता, बीरेंद्र सिंह धालीवाल, इंदरजीत ऋखी, धन्ना सिंह समाऊं, जसवंत सिंह मत्ती, डॉ. सुल्तान शाह, धर्मवीर मिंटा आदि मौजूद थे।


