भास्कर न्यूज |बठिंडा पंजाब सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। यह बात पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने स्थानीय बलवंत गार्गी ऑडिटोरियम में आयोजित 78वें इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सम्मेलन ‘पिमाकॉन-2025’ को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आम जनता को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकारी अस्पतालों के ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं और डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती की जा रही है। उन्होंने डॉक्टर समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि डॉक्टर समाज की रीढ़ की हड्डी हैं और उनकी सेवा भावना सराहनीय है। सम्मेलन के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सदस्यों को स्वास्थ्य मंत्री ने सम्मानित भी किया। इस अवसर पर भुच्चो मंडी के विधायक मास्टर जगसीर सिंह, मेयर पदमजीत मेहता, बाबा फरीद यूनिवर्सिटी फरीदकोट के वाइस चांसलर डॉ. राजीव सूद, सिविल सर्जन बठिंडा सहित कई प्रमुख चिकित्सक और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


