चंडीगढ़ रोड स्थित कोहाड़ा चौक के समीप नवनिर्मित श्री खाटू श्याम सालासर मंदिर में आठ दिवसीय श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव का आगाज भक्ति के विराट स्वरूप के साथ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन पाम सिटी से निकली चौथी विशाल पैदल निशान यात्रा ने पूरे क्षेत्र को खाटूमय कर दिया। ट्रस्टी प्रदीप मित्तल, संदीप अग्रवाल, एलआर मित्तल और अनिल मित्तल की गरिमामयी अध्यक्षता में शुरू हुई यह यात्रा पाम सिटी से कोहाड़ा स्थित मंदिर तक पहुंची। स्थानीय निवासियों और सामाजिक संस्थाओं ने पदयात्रियों पर पुष्पों की वर्षा कर पलक-पावड़े बिछा दिए। शाम ढलते ही जैसे ही यात्रा मंदिर परिसर पहुंची पूरा माहौल आध्यात्मिक आनंद में सराबोर हो गया। निशान यात्रा के मंदिर आगमन पर श्री तपकेश्वर महादेव महाआरती सेवा परिवार द्वारा ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच बाबा की दिव्य महाआरती की गई। इसके पश्चात सजी भजन संध्या में भूमिका मनुजा और मायरा मनुजा ने अपनी सुरीली आवाज से बाबा श्याम का ऐसा गुणगान किया कि भक्त झूमने पर मजबूर हो गए। इस पावन अवसर पर हरीश गर्ग, अभिषेक गुप्ता, विनोद गोयल, मनीष बाजरी, चंदेश्वर भारद्वाज, संजय अग्रवाल, सुनील गोयल, अतुल वालिया, संदीप गोयल, नीपम बांसल, विनय कुमार, के.के. गर्ग, विजय कुमार गोयल, प्रदीप नीरज गुप्ता, विजय भल्ला, बलराज शर्मा, धीरज सिंगला, रवि गोयल, हर नारायण गर्ग, एच.एल. सिंगल, अशोक गुप्ता, दीपक मित्तल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य जन मौजूद रहे। मंदिर कमेटी के अनुसार अगले सात दिनों तक भक्ति के विभिन्न कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे।


