सिटी रिपोर्टर | बोकारो रविवार को कुशवाहा समाज चास बोकारो का वनभोज सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इसका मुख्य उद्देश्य आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करना, सामाजिक एकता को मजबूत बनाना तथा समाज के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक विकास के मुद्दों पर विचार-विमर्श करना था। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक एवं परिचर्चा कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिससे आपसी संवाद और समन्वय को बढ़ावा मिला। मुख्य अतिथि अधिवक्ता अशोक कुमार महतो ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता और अनुशासन में निहित है। जब समाज के लोग आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आते हैं, तभी विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। अध्यक्ष कुंवर सिंह कुशवाहा ने कहा कि समाज के प्रत्येक सदस्य की सक्रिय भागीदारी के बिना समग्र विकास संभव नहीं है।


