वैष्णो देवी जा रहे श्रद्धालु पर हमला, बाजू की नस कटी

लुधियाना में रविवार रात लूट की वारदात ने सनसनी फैला दी। माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन के लिए पैदल जा रहे एक श्रद्धालु पर बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और नकदी लूटकर फरार हो गए। घायल की पहचान मोनू (36) निवासी तिरलोक पुरी फेज-3 के रूप में हुई है। उनका इलाज सिविल अस्पताल लुधियाना में चल रहा है। मोनू ने बताया कि वह 18 फरवरी को घर से वैष्णो देवी यात्रा के लिए पैदल निकला था। रविवार रात करीब 10 बजे वह समराला चौक से ताजपुर रोड की ओर जा रहा था। जैसे ही वह ताजपुर चौक के नजदीक पहुंचा, पीछे से आए दो नकाबपोश बाइक सवारों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियार से वार किया और उसकी जेब से करीब 8 हजार रुपए निकाल लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले में मोनू की बाईं बाजू पर गहरा घाव लगा है और बाजू की नस कट गई। घायल हालत में वह किसी तरह समराला चौक के पास एक निजी अस्पताल पहुंचा, लेकिन पैसे न होने के कारण उसे सिविल अस्पताल लुधियाना रेफर कर दिया गया। अस्पताल स्टाफ के मुताबिक उसका इलाज जारी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *