तिरला मोड़-चिचाकी रोड पर नहर में गिरी बारातियों की कार, सभी घायल

भास्कर न्यूज | बगोदर बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरला मोड़–चिचाकी रोड पर शनिवार रात लगभग 11 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इसरी के रांगामाटी से सरिया के खुट्टा गांव जा रही बारातियों की कार अनियंत्रित होकर कोनार नहर में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार डुमरी के एक निजी नर्सिंग होम में कराया गया। मिली जानकारी के अनुसार, डोरियो पंचायत के जमुनिया स्थित प्रज्ञान पब्लिक स्कूल के समीप कोनार नहर पर बना पुल काफी संकरा है और उसकी रेलिंग भी टूटी हुई है। पुल के दोनों ओर तीखा घुमावदार मोड़ होने से इस मार्ग से पहली बार गुजरने वाले वाहन चालकों को मोड़ और पुल का सही अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। घटना देर रात होने के कारण आसपास के लोगों को तुरंत जानकारी नहीं मिल सकी। नहर में गिरी कार में फंसे लोग मदद के लिए पुकारते रहे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार ने कार को नहर में देखा और सहायता के लिए आगे आया। कुछ ही देर में बारात की दूसरी गाड़ी भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। सड़क नई और समतल होने के कारण वाहन चालक तेज रफ्तार से चलते हैं। पुल के दोनों ओर घुमावदार मोड़ होने से खतरा और बढ़ जाता है, विशेषकर रात में अपरिचित चालकों के लिए सड़क खतरनाक हो गया है। लगभग दस दिन पूर्व भी एक बोलेरो इसी पुल के नीचे नहर में गिर गई थी। तीन महीने पहले एक स्कॉर्पियो और छह महीने पूर्व एक सवारी वाहन भी इसी स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल की चौड़ाई बढ़ाने, टूटी रेलिंग की मरम्मत कराने, चेतावनी संकेतक लगाने और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *