भास्कर न्यूज | चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में बनवारी लाल नेवटिया द्वारा प्रायोजित 33वीं बीएल नेवटिया टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आज दो मैच खेले गए। पूर्वाह्न दस बजे से खेले गए पहले मैच में चाईबासा के स्टूडेंट क्लब ने मेघाहातुबुरू क्रिकेट क्लब को एकतरफा मुकाबले में दस विकेट से जबकि अपराह्न एक बजे से खेले गए दूसरे मैच में बड़ा उलटफेर करते हुए सोनुवा की आर के क्रिकेट अकादमी ने चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी को 31 रनों से पराजित कर उसे प्रतियोगिता से बाहर का रास्ता दिखा दिया। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में टॉस मेघाहातुबुरू की टीम ने जीता तथा पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेघाहातुबुरू क्रिकेट क्लब की टीम 18.2 ओवर में 141 रन बनाकर आल आउट हो गई। इस टीम की ओर से प्रिंस पटेल ने दो चौके एवं पांच छक्के की सहायता से सर्वाधिक 43 रन बनाए। एक समय मेघाहातुबुरू के नौ विकेट मात्र 108 रन के स्कोर पर ही गिर गए थे और ऐसा लग रहा था कि टीम सस्ते में निपट जाएगी परंतु अंतिम विकेट के रूप में बल्लेबाजी करने आए विशाल ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाकर टीम को सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाया। विशाल ने दो चौके एवं तीन छक्के की मदद से 30 रन बनाए। स्टूडेंट क्लब चाईबासा की ओर से मो. इरफान ने 33 रन देकर चार विकेट हासिल किए। कप्तान मोअज्जम खान एवं तौसिफ एहसान को दो-दो सफलता हाथ लगी जबकि निशांत रोहन एवं मो० साकिब को एक-एक विकेट प्राप्त हुए। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टूडेंट क्लब की टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 11.3 ओवर में 143 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। दोनों उद्घाटक बल्लेबाज तौसिफ एहसान एवं मो. साकिब ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। तौसिफ ने जहाँ नौ चौके एवं चार छक्के की सहायता से नाबाद 66 रन बनाए वहीं मो. साकिब आठ चौके एवं तीन छक्के की मदद से 56 रन बनाकर नाबाद रहे। मैच समाप्ति के बाद पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि नगरपालिका चुनाव को देखते हुए कल प्रातः 10 बजे से स्टूडेंट क्लब चाईबासा एवं फेनेटिक क्लब चाईबासा के बीच खेला जाने वाला मैच स्थगित किया गया है। अब ये मैच मंगलवार 24 फरवरी को प्रातः 9:00 बजे से खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के शेष मैच की तिथियां यथावत रहेंगी। क्रिकेट अकादमी सोनुआ ने चक्रधरपुर को दी मात वहीं अपराह्न एक बजे से खेले गए दूसरे मैच में टॉस चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आर के क्रिकेट अकादमी सोनुआ की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 154 रनों का स्कोर खड़ा किया। इस टीम की ओर से रोनित मित्रा ने तीन चौके तथा चार छक्के की सहायता से 55 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों में सुम्मा घोष ने 43 तथा विकेटकीपर बल्लेबाज सोनु ने 28 रन का योगदान दिया। चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी करते हुए रोहित कुमार ने 17 रन देकर तीन तथा बिमल महतो ने 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए जबकि एक साहिल को प्राप्त हुआ। जीत के लिए 155 रनों के आसान सा लक्ष्य का पीछा करने उतरी चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी की टीम फिसड्डी साबित हुई और पूरी टीम 18.5 ओवर में 123 रन पर सिमट गई। चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी की ओर से रोहित कुमार ने तीन चौके एवं पाँच छक्के की सहायता से सर्वाधिक 47 रन बनाए जबकि सनोज कुमार ने 32 तथा रुपम डे ने 22 रनों का योगदान दिया। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी के बल्लेबाजों की विफलता का आलम ये था कि इसके पांच बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए। आर के अकादमी सोनुआ की ओर से आदित्य सेठ एवं इमरान अहमद ने शानदार गेंदबाजी कर अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आदित्य ने जहाँ मात्र 17 रन देकर चार बल्लेबाजों को चलता किया वहीं इमरान ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए मात्र 13 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पैविलियन की राह दिखाई। समीरुद्दीन एवं रोनित मेहता ने भी एक-एक विकेट चटकाए।


