परीक्षा का तनाव दूर करने आर्ट कैफे की पहल:ओपन माइक में युवाओं ने सुनाई नज्में, कविताओं से बटोरी तालियां

सूर्यनगरी के पहले आर्ट कैफे, कैफे लालटेन में रविवार को ओपन माइक इवेंट का आयोजन किया गया।जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान के प्रसिद्ध डायरेक्टर पंकज सिंह, प्रसिद्ध स्क्रीन राइटर हैदर अली, प्रोडक्शन हेड अजित सिंह ने युवाओं को प्रोत्साहित किया। उन्होंने अपनी बातों से युवाओं को जमकर हंसाया और साथ ही साथ अपने मन का करने के लिए प्रोत्साहित भी किया। ओपन माइक में शहर के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में युवाओं ने नज्में, गजलें, कविताएं, और रैप प्रस्तुत किए, जिससे दर्शकों का खूब मनोरंजन हुआ। यह कार्यक्रम परीक्षा के समय में छात्रों के तनाव को दूर करने में सफल रहा। छात्रों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम उन्हें अपनी पढ़ाई से थोड़ी देर के लिए राहत देते हैं और उन्हें तरोताजा महसूस कराते हैं। कैफे लालटेन ओपन माइक के आयोजकों ने बताया कि उनका उद्देश्य युवाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना है जहाँ वे अपनी रचनात्मकता को व्यक्त कर सकें। गौरतलब हैं कि कैफे लालटेन में लगातार संगीत एवं कला से संबंधित आयोजन होते ही रहते हैं। इस ओपन माइक इवेंट में भाग लेने वाले युवाओं में अनुपमा, ओंकार टाक, भावेश छंगाणी, रामेश्वर लाल , अंतिमा व्यास, अंकित पुरोहित, नेहा रांकावत, मयंक शर्मा, मृत्युंजय शर्मा, शुभांकर त्रिवेदी, हबीब रहमान एवं अनिमेष जोशी ने अपनी एवं प्रसिद्ध लोगों की रचनाओं को प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और दर्शकों से खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम का संचालन अरुण सिंह परिहार ने किया। अंतिम व्यास ने बताया यह एक शानदार अनुभव था। मुझे अपनी कविता सुनाने का मौका मिला। अरुण सिंह ने बताया “मैं नौकरी के तनाव से बहुत परेशान था, लेकिन इस कार्यक्रम में आकर मुझे बहुत अच्छा लगा। मैं थोड़ी देर के लिए अपनी नौकरी के बारे में सब कुछ भूल गया।” नेहा रांकावत ने बताया “अबसे मुझे इस तरह के और कार्यक्रमों में भाग लेना अच्छा लगेगा। यह युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का एक शानदार तरीका है।” अनिमेष जोशी ने बताया कि वो सालों से कहानी पर चर्चाओं के माध्यम से युवाओं को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। कैफे लालटेन जोधपुर शहर के रचनात्मक लोगों को वरदान के रूप में मिला हैं। यहां आकर आप अपनी रचनात्मकता को लोगो तक पहुंचा सकते हैं। आयोजन के मुख्य अतिथि अरविंद जोशी, अविनाश पुरोहित, मोमिन, ऋषभ शर्मा, अनजान परिहार, पंकज सिंह, हैदर अली थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *