पंजाब सरकार की आज सोमवार को कैबिनेट मीटिंग होने जा रही है। मीटिंग सुबह 11 बजे सीएम आवास पर होगी। माना जा रहा है कि इस दौरान बजट की तारीख के ऐलान के साथ ही नई आबकारी नीति संबंधी प्रस्ताव आने की उम्मीद है। मीटिंग के बाद कोई भी कैबिनेट मंत्री प्रेस कांफ्रेंस कर फैसलों के बारे में जानकारी देगा। हालांकि इससे पहले सीएम भगवंत मान दो दिन के गुजरात दौरे पर थे। वह भी अब वापस चंडीगढ़ आ गए हैं।
एक्साइज पॉलिसी में यह फायदा होगा सरकार ने अगले वित्तीय वर्ष के दौरान आबकारी नीति से 8 से 10 प्रतिशत तक राजस्व बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए आबकारी से 10,145 करोड़ रुपये तथा 2025-26 के लिए 11,200 करोड़ रुपये राजस्व जुटाने का लक्ष्य रखा गया था। वहीं, 2026-27 के लिए 12,500 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व एकत्र करने की तैयारी की जा रही है।सरकार ने पिछले समय में शराब ठेकेदारों के साथ भी बैठकें की हैं, जिनमें विभिन्न सुझाव दिए गए। इन सभी सुझावों को ध्यान में रखते हुए नई आबकारी नीति को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पंजाब में वर्तमान में 207 शराब लाइसेंसों के तहत 6,300 से अधिक शराब के ठेके संचालित हो रहे हैं।
आठ मार्च को बजट पास होगा कैबिनेट मीटिंग में बजट तारीख के ऐलान होने की संभावना इसलिए मजबूत है। क्योंकि सीएम भगवंत मान ने गुजरात दौरे के दौरान कहा था कि इस बार में आठ मार्च को रविवार वाले दिन बजट पेश कर रहे हैं। इस दिन महिला दिवस भी है। वहीं, महिलाओं को इस दौरान एक हजार रुपए की गारंटी देने का वायदा पूरा किया जाएगा। वहीं, एलओपी प्रताप सिंह बाजवा भी कह चुके हैं कि पता चला है कि सात से दस तारीख बजट सेशन बुलाया जा रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि छह से बजट सेशन शुरू होगा।


