मोबाइल की लत से बच्चों को दूर रखने पर जोर:पीएम श्री केंद्रीय स्कूल में प्रबंध समिति की बैठक, संविदा शिक्षकों की भर्ती होगी

झालावाड़ के पीएम श्री केंद्रीय स्कूल में सोमवार को स्कूल प्रबंध समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। कलेक्टर राठौड़ ने बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और अभिभावकों को पहले खुद मोबाइल का कम उपयोग करना होगा। इससे बच्चे भी सीख लेंगे और इस आदत से दूर रहेंगे। बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। संविदा शिक्षकों के साक्षात्कार, विभिन्न फर्मों का पंजीकरण और सीबीएसई के निर्देशानुसार सीसीटीवी कैमरों की खरीद व स्थापना के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। साथ ही कंप्यूटर, फर्नीचर और अन्य अनुपयोगी सामग्री की नीलामी का भी निर्णय लिया गया। स्कूल के प्रिंसिपल वेद प्रकाश मीना ने पीपीटी के माध्यम से पिछले वर्ष की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछली बैठक में तय किए गए सभी कार्य पूरे कर लिए गए हैं। प्रिंसिपल ने नए सत्र के लक्ष्यों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। बैठक में जिला परिषद के सीईओ शम्भू दयाल मीणा, एलडीएम कार्यालय से विशाल सिंह राठौड़, यूबीआई बैंक के प्रबंधक नीरज मुंडोतिया, राजकीय बालिका महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चारुलता तिवारी, डॉ. मयंक जैन समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *