बड़वानी के अंजड़ नगर स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में विजया एकादशी का पर्व भक्तिमय माहौल में मनाया गया। सुबह से रात तक श्रद्धालुओं का आना जारी रहा। फागुन मास के अवसर पर मंदिर प्रांगण को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया। आस-पास के नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों से निशान लेकर भक्तजन पहुंचे। दिनभर में 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सायंकालीन आरती में करीब 7 हजार भक्त मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्याम बाबा, पशुपतिनाथ महादेव और सालासर बालाजी का पूजन किया गया। सेवादारों ने फूलों से शृंगार कर श्याम बाबा को बागा पहनाया। कई भक्तों ने अर्जी लगाई और कुछ ने मन्नत पूरी होने पर अर्जी खोली। महिला श्रद्धालुओं ने भजन गाकर और नृत्य कर श्याम बाबा की आराधना की। आरती के बाद ज्योति प्रज्वलित की गई, जिसमें हजारों भक्तों ने आहुतियां डालीं। रात 8 बजे भोग लगाकर आरती की गई।


