वन विभाग की ओर से रविवार को एक बार फिर से चौथ का बरवाड़ा में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। चौथ माता मंदिर मार्ग पर कार्रवाई करते हुए 74 दुकानों को वन विभाग की टीम ने हटा दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में वन विभाग के सुरक्षा गार्ड मौजूद रहे तथा कलेक्टर की ओर से मौका मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किया गया। इसके साथ ही विभाग ने कस्बे में एक आरा मशीन पर कार्रवाई करते हुए उसे सीज करने की कार्रवाई की। कार्रवाई को लेकर दुकानदारों ने कहा कि वन विभाग की इस कार्रवाई से उन्हें काफी परेशानी होगी तथा रोजगार का संकट खड़ा होगा। चौथ माता मंदिर मार्ग पर बड़ी संख्या में लोग पूजा प्रसाद की दुकान लगाते हैं। रेंजर बोले, नोटिस देने पर भी नहीं हटाई दुकानें वन विभाग के रेंजर कैलाश शर्मा ने बताया कि यह सभी दुकानें वन विभाग की भूमि में लगी हुई थी। जिनको हटाने के लिए कई बार नोटिस भी दिए गए। साथ ही लोगों को समझाया भी गया। 2 दिन पहले कार्रवाई की गई थी लेकिन दुकानों में अधिक समान होने के कारण कार्रवाई दो दिन के लिए रोक दी गई। रविवार को फिर से अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस दौरान 74 दुकानों को हटाया गया। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चौथ का बरवाड़ा में लव कुश वाटिका का निर्माण कार्य होना है। जिसके लिए यह कार्रवाई की गई है। विभाग बोला- हमने निष्पक्ष कार्रवाई की विभाग का कहना है कि सभी कार्रवाई कानून के तहत निष्पक्ष रूप से की गई तथा मौके पर कलेक्टर द्वारा मौका मजिस्ट्रेट भी मौजूद रहे। दूसरी और दुकानदारों ने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि इससे उनके लिए रोजगार का संकट पैदा होगा। वह लोग सालों से यहां पर दुकान लगा कर जीवन यापन कर रहे हैं। इसके साथ ही वन विभाग की टीम में कस्बे में रहकर मोहल्ला स्थित एक आरा मशीन को भी सीज करने की कार्रवाई की।


