जयपुर में किरोड़ीलाल मीणा ने अपनी ही सरकार पर लगाए फोन टैपिंग के आरोपों पर सफाई दी है। मीणा ने कहा- मैंने पहले बयान दिया था कि मेरा फोन टैप हो रहा है। मेरे पीछे सीआईडी लगी है। वह इस आधार पर दिया था कि पिछले राज में जब-जब मैं आंदोलन करता था। सड़क पर होता था। मेरी सीआईडी भी होती थी, फोन टैप भी होता था। मीणा ने आगे कहा- आज भी वही अधिकारी तैनात हैं। मेरा फोन टैप हो रहा है। हां, यह गलती हुई है मेरे से कि मुझे पहले पार्टी फोरम पर ही बात करनी चाहिए थी। पहले के लगाए हुए अधिकारी, जो अब तक नहीं हटे हैं, वो फोन टैप कर रहे हैं। सोमवार को जयपुर में आयोजित सरकारी कार्यक्रम में विवाद के बाद पहली बार मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और किरोड़ीलाल मीणा एक साथ नजर आए। मीणा सीएम के बगल में बैठे दिखे। सीएम भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम में कही ये 3 बड़ी बातें.. 1. 73 लाख किसानों के खाते में राशि ट्रांसफर
जयपुर के दुर्गापुरा कृषि अनुसंधान केंद्र में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मान समारोह में सीएम भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा- जब केंद्र सरकार ने किसान सम्मान निधि की घोषणा की थी तो कांग्रेस ने इसे चुनावी जुमला बताया था। किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर होना उन लोगों के मुंह पर तमाचा है। 2. राज्य सरकार ने भी दिए 2 हजार रुपए
सीएम ने किसान हित में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए बताया- प्रदेश के 73 लाख किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर हुई है। राज्य सरकार ने भी किसान सम्मान निधि में 2 हजार रुपए दिए हैं, जिस पर 1,355 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। साथ ही 46 लाख किसानों को 25 हजार करोड़ का अल्पकालीन लोन दिया गया है। 3. किसान सम्मान निधि की 18वीं किस्त जारी
सीएम ने कहा- किसानों की उन्नति के लिए हर संभव प्रयास का आश्वासन दिया। इस दौरान कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने बिहार के भागलपुर से किसान सम्मान निधि की 18वीं किस्त जारी की। सरकारी कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए थे किरोड़ी
फोन टैपिंग के आरोपों के बाद यह पहला मौका था जब कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा किसी कार्यक्रम में सीएम भजनलाल शर्मा के साथ मंच पर दिखे। मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद वे लगातार कैबिनेट बैठक और सरकारी कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए थे। इससे पहले 24 अक्टूबर 2024 को दौसा उपचुनाव में अपने भाई जगमोहन मीणा की नामांकन सभा में सीएम के साथ दिखे थे। 10 नवंबर को दौसा में सीएम के रोड शो के दौरान उन्हें मुख्यमंत्री की गाड़ी में जगह नहीं मिली, वे पीछे दूसरी गाड़ी में थे। इसके बाद से कैबिनेट बैठकों, सरकारी कार्यक्रमों और महाकुंभ तक में नहीं दिखे। आखिरी बार 29 सितंबर 2024 की कैबिनेट बैठक में शामिल हुए थे। इसके बाद से हुई तमाम कैबिनेट बैठकों, सरकारी कार्यक्रमों और यहां तक की महाकुंभ में जब सभी विधायक डुबकी लगाने गए थे। उसमें भी किरोड़ी लाल मीणा मौजूद नहीं थे। किरोड़ीलाल मीणा सरकार पर लगा रहे फोन टैपिंग के आरोप
किरोड़ीलाल मीणा ने 6 फरवरी को पहली बार सरकार पर फोन टैपिंग के आरोप लगाए। एक सामाजिक कार्यक्रम में कहा- “सरकार मेरी जासूसी करवा रही है, मेरा फोन टैप हो रहा है।” पार्टी ने नोटिस जारी किया।
किरोड़ी के आरोपों के बाद विपक्ष ने इस मुद्दे पर विधानसभा में सरकार को घेरा और मुख्यमंत्री से इस पर जवाब मांगा। फोन टैपिंग का मुद्दा गर्माया तो सरकार ने 20 फरवरी को विधानसभा में आरोपों को खारिज कर दिया था। इसके बाद किरोड़ीलाल मीणा ने 23 फरवरी को जालोर में फिर कहा- हां, मेरे से गलती हुई। मुझे भारतीय जनता पार्टी के उचित मंच पर बात करनी चाहिए थी, लेकिन कई बार मामला ऐसा उलझ जाता है, तो हां मैंने कहा था और मैं सही हूं। अब भी कह रहा हूं कि मेरा फोन टैप हो रहा है, उसे सुधारो। ………………………
ये खबर भी पढ़िए… मार्शलों की घेराबंदी में विधानसभा की कार्यवाही जारी:सरकार-विपक्ष में गतिरोध बरकरार; डोटासरा ने सीधे माफी नहीं मांगी, कहा-पहले मंत्री सॉरी बोले विधानसभा में सरकार और विपक्ष में 4 दिन से गतिरोध बरकरार है। कांग्रेस विधायकों की नारेबाजी के बीच सदन में बजट पर बहस शुरू हो गई है। मार्शलों की घेराबंदी में सदन की कार्यवाही चल रही है। कांग्रेस विधायक वैल में नारेबाजी कर रहे हैं। मार्शलों की घेराबंदी में सदन की कार्यवाही चलने का यह अनोखा मामला है। आम तौर पर मार्शल बुलाने के कुछ समय बाद या तो सदन स्थगित कर दिया जाता है या थोड़ी देर बाद वापस चले जाते हैं। (पूरी खबर पढ़ें)


