पाली में एक काका को अपने भतीजे की शादी में जाने से इंकार करना उस समय भारी पड़ गया। जब नाराज दूल्हे ने अपने काका के सिर पर तलवार से वार कर दिया। घायल काका को इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार पाली शहर के सदर थाना क्षेत्र के गिरादड़ा गांव में रहने वाले 35 साल के प्रभुराम पुत्र चेनाराम के भाई के लड़के की शादी को लेकर रविवार को बारात कांकाणी (जोधपुर) के लिए रवाना हुई। लेकिन किसी बात को लेकर दोनों भाईयों में कहासुनी हो गई। ऐसे में प्रभुराम ने बारात में चलने से इंकार कर दिया। इस बात से नाराज होकर उसे भतीजे (दूल्हा) आवेश में आ गया और अपने काका पर तलवार से हमला कर दिया। तलवार सिर पर लगने से प्रभुराम घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए रविवार देर शाम को पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया।
पीड़ित का आरोप है कि दूल्हे सहित अन्य परिजन भी इस हमले में शामिल थे।
मेरे पति का क्या कसूर जो मारपीट की
मामले में घायल की पत्नी केलम देवी का कहना है कि उसके पति ने भाई की किसी बात से नाराज होकर बारात में नहीं जाने का कहा था। इससे वे इतने गुस्सा हो गए कि सभी ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। तलवार का वार गहरा होता तो इनकी जान तक जा सकती थी।


