भिंड में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। परिवार बेटी के ससुराल से एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था। हादसे में 6 साल के बेटे, 9 साल की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चों की मां और उसकी जेठानी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसा जिले के मौ थाना क्षेत्र के पिपाहाड़ा गांव में सोमवार दोपहर को हुआ। इसमें 5 लोग घायल हो गए। इनका ग्वालियर में इलाज चल रहा है। ट्रॉली पलटी, ट्रैक्टर खेत में जा गिरा
ग्वालियर के मठियापुरा गांव के रहने वाले गंगा सिंह जाटव अपनी बेटी के घर पच कार्यक्रम में शामिल होने झांकरी के पिपाहाड़ा गांव में आए थे। कार्यक्रम के बाद लौटते समय पुलिया के पास ट्रॉली का नाका टूट गया। इससे ट्रॉली पलट गई और ट्रैक्टर खेत में जा गिरा। दो बच्चों की मौके पर मौत
हादसे में गंगा सिंह जाटव के 6 साल के बेटे आदित्य और 9 साल की बेटी नंदनी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बच्चों की मां आशा देवी और उनकी जेठानी सुनीता जाटव की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के पारिवारिक सदस्य बंटी जाटव ने बताया कि अभी दो लोगों की हालत खराब है, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारण की जांच कर रहे
झांकरी चौकी प्रभारी विवेक प्रभात ने बताया कि नाहर सिंह, नीतेश और फूल सिंह समेत 5 लोग घायल है। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इधर, रीवा में ट्रेलर से कार टकराई, तीन की मौत
रीवा के मनगंवा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में जा घुसी। कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मनगंवा थाना क्षेत्र के मढ़ी के पास पूर्वांचल ढाबा के पास सोमवार रात 10 बजे हुआ। भोपाल पासिंग कार में सवार सभी लोग कुंभ मेले से लौट रहे थे। इसी दौरान ड्राइवर को झपकी लग गई, जिससे वह कार से अपना नियंत्रण खो बैठा। मृतकों के नाम चंपालाल यदुवंशी, प्रतीक यदुवंशी और तुलाराम यदुवंशी है।


