बलौदाबाजार के ग्राम चांपा में छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज का 80वां दो दिवसीय महाधिवेशन रविवार को समाप्त हुआ। कार्यक्रम में विष्णु देव साय, रमेश बैस, खोडस राम कश्यप, टंकराम वर्मा और संत राम बालक दास महाराज समेत कई अतिथि मौजूद रहे। सीएम साय ने समाज के दो सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए 75 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसमें नरदाहा स्थित केंद्रीय कार्यालय के लिए 50 लाख और बलौदा बाजार के लिए 25 लाख रुपए शामिल हैं। सीएम ने कहा कि यह समाज मेहनतकश किसानों का समाज है, जिसका राज्य के विकास में अहम योगदान है। उन्होंने किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी दी। नक्सलवाद खत्म करने और बस्तर के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। पूर्व राज्यपाल ने संगठन और सेवा पर दिया जोर पहले सत्र में रमेश बैस ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ते हैं और आपसी मेलजोल बढ़ाते हैं। बदलते समय में परिवारों के बीच बढ़ रही दूरी को कम करने में इस तरह के कार्यक्रम मददगार हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी रखें और जरूरतमंद लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने में सहयोग करें। संत राम बालक दास महाराज ने रखा आध्यात्मिक दृष्टिकोण संत राम बालक दास महाराज ने कहा कि संत किसी एक जाति के नहीं होते, वे पूरी मानवता के लिए काम करते हैं। उन्होंने 22 देशों की यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कौशल्या माता का भव्य मंदिर पार्टेश्वर धाम में निर्माणाधीन है। इसके लिए समाज के सहयोग की जरूरत है। समाज की गौरवशाली विरासत का उल्लेख केंद्रीय अध्यक्ष खोडस राम कश्यप ने समाज के महापुरुषों को याद किया। उन्होंने छुआछूत के खिलाफ आवाज उठाने वाले डॉ. खूबचंद बघेल और कन्या शिक्षा के लिए हजारों एकड़ भूमि दान करने वाले तुलाराम बरछिहा का उल्लेख किया। उन्होंने समाज की एकता और संगठित शक्ति पर बल दिया। दो प्रस्ताव पारित महाधिवेशन में दो अहम प्रस्ताव पारित हुए। सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए उच्च सदन का गठन पारिवारिक विवादों में पहले समाज स्तर पर सुलह की व्यवस्था अनिवार्य करना अगला महाधिवेशन 2027 में घोषणा की गई कि अगला महाधिवेशन वर्ष 2027 में धरसीवां राज में आयोजित होगा।


