शिव बारात को लेकर शहर में सात जगह बैरिकेडिंग, इंद्रपुरी शिव मंदिर रातू रोड से निकलेगी बारात
रांची में 26 फरवरी को शिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर भव्य शिव बारात भी निकलेगी। इसे लेकर रांची की ट्रैफिक व्यवस्था में 26 फरवरी को बदलाव किया गया है। जुलूस आने के समय सभी प्रकार के वाहनों का न्यू मार्केट चौक के पहले प्रवेश वर्जित रहेगा। जुलूस के जाने के बाद रातू रोड न्यू मार्केट चौक की ओर या हरमू चौक की ओर वाहन जा सकेंगे। पंडरा, पिस्का मोड़ से नगर क्षेत्र की ओर भारी वाहन, मालवाहक वाहन व सिटी राइड बसों का परिचालन बंद रहेगा। छोटे वाहन उक्त मार्ग से आ-जा सकेंगे। जुलूस के समय सभी प्रकार के वाहनों का पिस्का मोड़ के बाद प्रवेश बंद रहेगा। शहर में सुबह 5 से रात्रि 10 बजे तक बड़े वाहनों की नो इंट्री रहेगी। बड़े वाहन, मालवाहक वाहन एवं सिटी राइड बसें बूटी मोड़ से बरियातू होते हुए व अन्य मार्गों से नगर क्षेत्र में प्रवेश वर्जित रहेगा। बूटी मोड़ से बरियातू रोड होकर छोटे वाहन करमटोली चौक से जेल चौक की ओर परिचालन कर सकेंगे। बोड़ेया रोड से आने वाले छोटे वाहन करमटोली चौक से जेल चौक की ओर आवागमन कर सकेंगे। बरियातू रोड से होकर बूटी मोड़ भी जा सकेंगे। शिव बारात का ये रूट, कल इस मार्ग का कम इस्तेमाल करने का आग्रह
शिव बारात इंद्रपुरी रातू रोड से निकलकर, मेट्रोगली, रातू रोड, रानी सती मंदिर, पहाड़ी मंदिर, बानो मंजिल मार्ग, गाड़ीखाना, कार्ट सराय रोड, जेजे रोड, शहीद चौक से वापस होते हुए, पुस्तक पथ, ज्योति संगम, गांधी चौक, मारवाड़ी टोला, महावीर चौक, प्यादा टोली, रातू रोड होते हुए आरआर स्पोर्टिंग दुर्गा पूजा समिति के प्रांगण में शिव विवाह एवं शिव बारात के भव्य स्वागत के बाद समापन होगा। ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे महाशिवरात्रि के दिन जुलूस वाले रूट का कम से कम प्रयोग करें। शिव बारात को लेकर इन जगहों पर होगी बैरिकेडिंग शनि मंदिर से पहाड़ी मंदिर मार्ग पर दुर्गा मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग पर मीनाक्षी गली से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग पर सुखदेव नगर जाने वाली गली पर बालाजी मंदिर के पास सुलभ शौचालय से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग पर गौशाला कटिंग से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग पर बाहर से आनेवाली वाहन कल यहां तक आ सकेंगे वहीं शहर में विभिन्न सड़कों से आने वाले माल वाहक वाहन तय जगह तक ही आ सकेंगे। कांके से रांची आने वाले वाहन बोड़ेया तक, चाईबासा से खूंटी होकर रांची आने वाले वाहन बिरसा चौक तक, गुमला से सिमडेगा होकर रांची आने वाले वाहन कटहल मोड़ तक, पलामू से लोहरदगा होकर रांची आने वाले वाहन पिस्का मोड़ तक, गुमला-सिमडेगा से रांची आने वाले वाहन आईटीआई बस पड़ाव तक, जमशेदपुर से रांची आने वाले वाहन दुर्गा सोरेन चौक तक, जमशेदपुर से रांची आने वाले वाहन कुसई घाघरा तक, कांके से पतरातू होकर आने वाले मालवाहक वाहन चांदनी चौक तक ही आ सकेंगे। कांके की ओर जाने वाले बड़े वाहन चांदनी चौक तक ही जा सकेंगे। वहीं छोटे वाहन राम मंदिर मोड़ से सीधे हॉट लिप्स चौक, न्यू मार्केट चौक होकर अपने गंतव्य स्थान की ओर जाएंगे।


