भास्कर न्यूज | कवर्धा जिला पंचायत के सभाकक्ष में सोमवार को जिपं सीईओ अजय कुमार त्रिपाठी ने बिहान योजना की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त किया जाए। बैंक लिंकेज प्रक्रिया में तेजी लाने और तय लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए गए। लखपति दीदी योजना के तहत महिलाओं को सालाना एक लाख रुपए से अधिक की आय अर्जित करने योग्य बनाने पर जोर दिया गया। सर्वे कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। सीईओ त्रिपाठी ने विकासखंड समन्वयकों, क्षेत्रीय समन्वयकों और पीआरपी सदस्यों को निर्देश दिए कि महिलाओं को स्थानीय जरूरतों के अनुसार व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ा जाए। स्व-सहायता समूहों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद निर्माण, बेहतर पैकेजिंग और बाजार उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए प्रेरित किया गया। मौसमी व्यवसायों को बढ़ावा देने की रणनीति पर चर्चा हुई। ग्राम पंचायतवार समीक्षा, समय सीमा तय: बैठक में बिहान योजना के तहत चल रहे कार्यों की ग्राम पंचायतवार समीक्षा हुई। बोड़ला, पंडरिया, कवर्धा ब्लॉक में 75% और लोहारा में 80% परिवार समावेशन का लक्ष्य तय किया गया। सभी ब्लॉकों में लोकोस प्रोफाइल एंट्री को 100% पूरा करने के निर्देश दिए गए। सीएलएफ कट-ऑफ दो दिन में पूरा करने और मॉडल सीएलएफ प्रगति प्रतिवेदन की एंट्री मार्च तक सुनिश्चित करने को कहा गया। बैंक लिंकेज प्रक्रिया को 100% पूरा करने पर जोर दिया गया। सर्वे मार्च से पहले पूरा करें चक्रिय निधि, स्टार्टअप फंड और इंटरप्राइजेज फाइनेंस के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। लखपति दीदी योजना के तहत सभी आवश्यक सर्वे कार्य मार्च के पहले सप्ताह तक पूरे करने को कहा गया। लाइवलीहुड ऑफ-फार्म और नॉन-फार्म गतिविधियों की अद्यतन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। सहवनीय कृषि के टारगेट की ऑनलाइन एंट्री पूरी करने को कहा गया।


