भास्कर न्यूज | अमृतसर फरवरी के अंतिम सप्ताह में मौसम ने गर्मी का अहसास करवा दिया है। शहर में अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। तापमान में आई इस बढ़ोतरी के कारण दिन के समय लोगों ने स्वैटर उतार दिए और कई लोग आधी बाजू के कपड़ों में नजर आए। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा। 23 से 28 फरवरी तक न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम के इस बदलाव से लोगों को ठंड से राहत मिली है और बाजारों में भी रौनक बढ़ी है। लोग सुहावने मौसम का आनंद ले रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तापमान इसी तरह बढ़ता रहा, तो इस बार गर्मी समय से पहले दस्तक दे सकती है।


